जगदलपुर, 26 जून.
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में शुक्रवार को एक बार फिर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ सुबह से ही जारी थी, जिसमें जवानों ने बहादुरी दिखाते हुए दो नक्सलियों को ढेर कर दिया। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है, क्योंकि घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और नक्सली सामग्री बरामद की गई है।
सूत्रों के अनुसार, डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान घने जंगलों में छिपे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो नक्सली मारे गए।
मारे गए नक्सलियों की अभी पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन प्राथमिक जानकारी के अनुसार दोनों नक्सली किसी सक्रिय दस्ता से जुड़े हुए थे। उनके पास से राइफल, देसी हथियार, विस्फोटक सामग्री, वायर, बैटरी, और पर्चे भी बरामद हुए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वे किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे।
अबूझमाड़ का इलाका छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का गढ़ माना जाता है, जहां पहुंचना भी सुरक्षा बलों के लिए चुनौती होता है। बावजूद इसके, लगातार हो रही कार्रवाइयों से नक्सल नेटवर्क पर दबाव बढ़ा है और यह मुठभेड़ उसी का परिणाम है।
फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त बलों की तैनाती कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। जवानों की इस सफलता से जहां इलाके में नक्सलियों के हौसले पस्त हुए हैं, वहीं आम नागरिकों में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।
Login
कमेंट्स